आप को बड़ा झटका: राघव चड्ढा समेत तीन सांसदों का इस्तीफा, भाजपा में शामिल होने का ऐलान

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की घोषणा कर दी। इस दौरान राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ कुल सात सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं, जिससे राज्यसभा में आप के बड़े हिस्से के विलय की स्थिति बन गई है।
नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के 15 साल पार्टी को दिए, लेकिन अब पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और मूल्यों से भटक चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब राष्ट्रीय हित की बजाय निजी स्वार्थों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, “मैं सही व्यक्ति हूं, लेकिन गलत पार्टी में था, इसलिए अब खुद को अलग कर रहा हूं।”
चड्ढा ने यह भी बताया कि राज्यसभा में आप के कुल 10 सांसदों में से दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं और इस संबंध में हस्ताक्षरित दस्तावेज सभापति को सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने अन्य सांसदों के नाम भी गिनाए, जो उनके साथ आने का दावा किया जा रहा है।इसके बाद तीनों नेता भाजपा के डीडीयू मार्ग स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी नेतृत्व ने उनका स्वागत किया।
वहीं, इस घटनाक्रम पर आप की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। सांसद संजय सिंह ने इसे “ऑपरेशन लोटस” करार दिया, जबकि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह कदम पंजाब के जनादेश के साथ धोखा है।

