PM जनसभा में अव्यवस्था का आरोप: वाराणसी में नर्सिंग छात्राओं का हंगामा, कई बेहोश, सड़क जाम

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान अव्यवस्था के आरोप को लेकर मेडिकल छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यक्रम से लौटते समय उपकार नर्सिंग कॉलेज की कई छात्राएं अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि कई को चक्कर और उल्टियां आने लगीं।बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल से किसी तरह छात्राओं को कॉलेज लाया गया, जहां तीन छात्राओं की हालत गंभीर हो गई। इससे नाराज छात्राओं और उनके परिजनों ने सुंदरपुर-लंका मार्ग जाम कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।छात्राओं का आरोप है कि तेज धूप में उन्हें बंद पंडाल में बैठाया गया, जहां पर्याप्त हवा, पानी और अन्य सुविधाओं का अभाव था। हालत बिगड़ने पर जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, तो उन्हें रोका गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एडीएम सिटी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। प्रदर्शन कर रहीं छात्राएं एएनएम और जीएनएम कोर्स की बताई जा रही हैं। उनका आरोप है कि उन्हें जबरन रैली में ले जाया गया और जरूरी सुविधाएं जैसे फोन, पैसे और पानी की बोतल तक ले जाने से रोका गया, जबकि अन्य कॉलेजों के छात्रों को बस और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं।
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम लगने से एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे निकालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और प्रशासन के समझाने पर छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और कॉलेज परिसर लौट गईं। कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं से बातचीत कर मामले को शांत कराया।

