बंगाल चुनाव में BJP की प्रचंड बढ़त: 200+ सीटों पर आगे, भवानीपुर में ममता से आगे सुवेंदु

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। 294 में से 293 सीटों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी 200 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे राज्य में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं।
राज्य के 77 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। हाई-प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट पर 17 राउंड की गिनती के बाद सुवेंदु अधिकारी 6,226 वोटों से ममता बनर्जी से आगे चल रहे हैं।
इस बीच ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन्हें मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया और सुरक्षा बलों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करार दिया।
मतगणना के दौरान प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राज्य के मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि कोई भी महत्वपूर्ण फाइल या दस्तावेज कार्यालयों से हटाया या नष्ट न किया जाए।
उधर, भाजपा की बढ़त पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता का आभार जताते हुए इसे “भय और तुष्टीकरण की राजनीति पर जनादेश” बताया।

