काशी घूमने आए युवक की गंगा में डूबने से मौत, नाव पर फोटो खिंचवाते समय हुआ हादसा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित मान मंदिर घाट पर बुधवार देर रात गंगा नदी में डूबने से ग्रेटर नोएडा निवासी 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ काशी घूमने आया था। हादसे के बाद साथियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस व परिजनों को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित सुपरटेक इको विलेज-2 निवासी हर्षवर्धन ठाकुर अपने चार-पांच दोस्तों के साथ वाराणसी भ्रमण पर आया था। देर रात करीब एक बजे सभी दोस्त मान मंदिर घाट पहुंचे और घाट किनारे खड़ी नाव पर फोटो खिंचवाने लगे। इसी दौरान हर्षवर्धन का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा में गिर गया।साथियों ने शोर मचाकर मदद की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण युवक कुछ ही देर में गहरे पानी में समा गया। स्थानीय लोगों ने रात में ही उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और तेज धारा के चलते सफलता नहीं मिल सकी।सूचना मिलते ही दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया।
गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी तलाश अभियान में शामिल हुई। कई घंटे की मशक्कत के बाद संयुक्त टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

