दालमंडी रोड चौड़ीकरण में 125 साल पुराने मुसाफिरखाने पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार को करीब 125 साल पुराने मुसाफिरखाने पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान मजदूरों ने भवन के ऊपर बनी बाउंड्रीवाल को तोड़ना शुरू किया। इलाके में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए करीब 300 पुलिसकर्मियों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात रही। पूरे क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। दालमंडी रोड प्रोजेक्ट के तहत सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इस परियोजना की जद में मुसाफिरखाना समेत कुल 45 भवन आए हैं। वक्फ बोर्ड की इस ऐतिहासिक इमारत में बाहर से आने वाले लोग ठहरते थे और यहां शादियों जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होते थे।
प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे ध्वस्तीकरण अभियान में पिछले तीन दिनों में तीन जेसीबी मशीनों और करीब 50 मजदूरों की मदद से 25 मकानों को गिराया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार वक्फ बोर्ड को भवन खाली कराने और कार्रवाई के लिए 12 दिन का समय दिया गया था।
बताया जा रहा है कि दालमंडी का संबंध संजय दत्त के परिवार से भी रहा है। यहां उनकी नानी जद्दनबाई का निवास हुआ करता था।सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर घेराबंदी की गई, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक चिह्नित 45 भवनों को हटाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें वे 20 मकान भी शामिल हैं, जिन्हें नगर निगम पहले ही जर्जर घोषित कर चुका है। प्रशासन ने 9 मई को 20 मकानों और 10 मई को पांच अन्य भवनों पर कार्रवाई की थी।

