पेपर लीक के आरोपों के बाद NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, सीबीआई जांच के आदेश

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने पेपर लीक के आरोपों के बीच बड़ा फैसला लेते हुए NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का निर्णय लिया है।
एनटीए ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि 10 मई 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के क्रम में यह फैसला लिया गया है। एजेंसी ने बताया कि 8 मई को ही मामले से जुड़े इनपुट और शिकायतों को स्वतंत्र सत्यापन तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया गया था। यह कदम राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने की प्रतिबद्धता के तहत उठाया गया।
एनटीए के अनुसार केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट, जांच रिपोर्ट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए तथ्यों के आधार पर भारत सरकार की मंजूरी से 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित परीक्षा के बाद राजस्थान से पेपर लीक की आशंका सामने आई थी। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की है। जांच एजेंसियों को एक हस्तलिखित प्रश्न पत्र मिला है, जिसके करीब 120 सवाल NEET के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते बताए जा रहे हैं। इनमें लगभग 90 प्रश्न जीव विज्ञान और 30 प्रश्न रसायन विज्ञान विषय के बताए गए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद देशभर के लाखों अभ्यर्थियों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पहले NEET UG 2026 का परिणाम जून मध्य तक जारी होने की संभावना जताई जा रही थी। पिछले वर्षों के ट्रेंड के अनुसार परीक्षा के करीब 40 दिन बाद परिणाम घोषित किए जाते रहे हैं। हालांकि अब परीक्षा रद्द होने के बाद परिणाम प्रक्रिया भी प्रभावित होगी।एनटीए ने कहा है कि नई परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी

