यूपी में आंधी-तूफान का कहर: दीवार, पेड़ और छप्पर गिरने से 14 लोगों की मौत

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में बुधवार को अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी, बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि के चलते दीवारें, पेड़ और छप्पर गिरने से अलग-अलग जिलों में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सबसे ज्यादा असर फतेहपुर, उन्नाव, कानपुर देहात और हरदोई में देखने को मिला।
उन्नाव जिले में महज 20 मिनट के तूफान ने भारी तबाही मचाई। आसीवन थाना क्षेत्र में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से नौ वर्षीय अंश की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। दही थाना क्षेत्र में खेत पर मौजूद रामआसरे पर आम का पेड़ गिर गया, जिससे उनकी जान चली गई। वहीं पोंगहा और मैता गांव में दीवार गिरने से दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
कानपुर देहात में आंधी और बारिश के दौरान रसूलाबाद क्षेत्र में बिजली गिरने से 19 वर्षीय रुचि की मौत हो गई। इस हादसे में कई बकरियां भी मारी गईं। वहीं बरौर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान कच्ची दीवार गिरने से 10 वर्षीय सौम्या की मौत हो गई।
फतेहपुर जिले में तेज आंधी के कारण कई दर्दनाक हादसे हुए। हथगाम क्षेत्र में दीवार गिरने से 15 वर्षीय ऋतिक गौतम की मौत हो गई। एक अन्य घटना में उमैरा बेगम तेज हवा के झोंके में छत से गिर गईं, जबकि रास्ते से गुजर रहे बुजुर्ग वासुदेव पर पेड़ की डाल गिरने से उनकी जान चली गई। बम्हरौली गांव में दीवार ढहने से सियाकली की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। संवत गांव में पड़ोसी की दीवार गिरने से 22 वर्षीय ननकी पाल की मौत हो गई। इसके अलावा मंडवा गांव में गेहूं समेट रहे अब्दुल जलील और दुर्गनीपुर गांव की प्रेमा देवी की भी हादसों में मौत हो गई।
हरदोई जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में आंधी के दौरान पक्की दीवार गिरने से 11 वर्षीय देवकी की मौत हो गई। वह शौच के लिए जा रही थी, तभी हादसा हो गया।
तेज तूफान के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी घंटों बाधित रही। प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी।

