CBSE 12वीं रिजल्ट 2026 जारी, लड़कियों ने फिर मारी बाजी; पास प्रतिशत में गिरावट

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं का रिजल्ट 2026 आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है। इसके साथ ही लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। विद्यार्थी अब अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म DigiLocker और UMANG ऐप के माध्यम से देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
इस वर्ष के परिणामों में लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। सीबीएसई के आंकड़ों के अनुसार लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियों ने लड़कों की तुलना में 6.73 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है।
वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत सफलता हासिल की है।
बोर्ड के अनुसार वर्ष 2026 में कुल पास प्रतिशत 85.20 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम है। इससे यह संकेत मिलता है कि इस बार परीक्षा में प्रतिस्पर्धा और मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक सख्त रही।
सीबीएसई ने बताया कि कक्षा 12वीं में उत्तीर्ण होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। ग्रेडिंग सिस्टम के तहत A से D तक के ग्रेड को पास माना जाता है, जबकि E ग्रेड पाने वाले छात्रों को फेल माना जाएगा। ऐसे छात्रों को कम्पार्टमेंट परीक्षा या पुनः परीक्षा देनी पड़ सकती है।
छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट और डिजिटल माध्यमों पर रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी की मदद से आसानी से चेक कर सकते हैं।

