पीएम मोदी की अपील के बाद वाराणसी प्रशासन अलर्ट, डीएम ने पेट्रोल-डीजल बचत और कार पूलिंग के दिए निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत और मितव्ययिता अपनाने की अपील के बाद वाराणसी प्रशासन ने भी इसे लेकर बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पेट्रोल-डीजल की बचत सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय और निजी वाहनों का उपयोग आवश्यकतानुसार और मितव्ययिता के साथ किया जाए। अधिकारियों और कर्मचारियों से कार पूलिंग व्यवस्था अपनाकर कार्यालय आने-जाने का प्रयास करने को कहा गया है, ताकि ईंधन की खपत कम की जा सके।इसके साथ ही प्रशासन ने सरकारी कार्यों में डिजिटल माध्यम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है। सभी विभागीय बैठकों को अधिकतम ऑनलाइन मोड में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऊर्जा संरक्षण को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सरकारी कार्यालयों में सोलर पावर के उपयोग को सुनिश्चित करने और एसी को 26 डिग्री सेल्सियस तापमान पर संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊर्जा संरक्षण और जनप्रेरक कार्य संस्कृति विकसित करने के आह्वान के तहत यह पहल की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य ईंधन बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना है।

