पंचक्रोशी यात्रा से पहले नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पांचों पंडवा की धर्मशालाएं अवैध कब्जे से मुक्त

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। पंचक्रोशी यात्रा शुरू होने से पहले नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को शिवपुर स्थित पांचों पंडवा क्षेत्र की हनुमान धर्मशाला और रामलीला मैदान धर्मशाला को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर निगम ने अपने कब्जे में ले लिया।नगर निगम की टीम संयुक्त जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद और सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लंबे समय से धर्मशालाओं के कमरों पर कब्जा जमाए लोगों को हटाते हुए परिसर को खाली कराया और भवनों पर निगम का ताला जड़ दिया।
नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा कब्जा करने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं, धर्मशाला परिसर और आसपास झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहने वालों को 24 घंटे के भीतर जगह खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। तय समय के बाद बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।अभियान के दौरान कई लोगों से जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए, लेकिन कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समयसीमा समाप्त होने के बाद बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार पंचक्रोशी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मार्ग में पड़ने वाले सभी पड़ावों का सुंदरीकरण और मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। कब्जा हटने के बाद धर्मशालाओं की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

