पीएम मोदी की अपील का असर: आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने शुरू किया EV वाहन का इस्तेमाल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील के बाद उत्तर प्रदेश में इसे जनअभियान का रूप देने की पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) का उपयोग शुरू कर दिया है।
सरकार की पर्यावरण हितैषी नीतियों को व्यवहार में उतारने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार “ग्रीन इंडिया”, ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर लोगों से जागरूक रहने की अपील करते रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग और ऊर्जा बचत को लेकर कई निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश सरकार ने मंत्रियों और मुख्यमंत्री के काफिलों में वाहनों की संख्या में 50 प्रतिशत तक कटौती करने और अनावश्यक वाहनों को हटाने का फैसला लिया है। इसी पहल के तहत डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने इलेक्ट्रिक वाहन अपनाया है।
डॉ. दयालु ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन बचत आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ग्रीन इंडिया” विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पर्यावरण अनुकूल नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने EV वाहन का उपयोग शुरू किया है।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह अपने दैनिक जीवन में भी पर्यावरण हितैषी बदलाव अपनाएंगे, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और लोग ईंधन बचत तथा स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक हों।

