यूपी सरकार का बड़ा तोहफा: कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता 2% बढ़ा, जनवरी से मिलेगा एरियर

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में दो फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। सरकार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा, जिससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार के फैसले के तहत राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मियों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस निर्णय से प्रदेश के करीब 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा। आदेश में कहा गया है कि 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक का बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एरियर के रूप में कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) खाते में जमा कराया जाएगा। वहीं मई 2026 से बढ़ा हुआ भत्ता नियमित वेतन के साथ जून महीने में दिया जाएगा।
सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच DA में वृद्धि से कर्मचारियों और पेंशनर्स की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

