हुगली में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, सिर में चोट का दावा; भाजपा समर्थकों पर लगाए आरोप

कोलकाता/हुगली, जनमुख न्यूज़। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव के बीच रविवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कल्याण बनर्जी पर हुगली जिले में कथित हमले का मामला सामने आया है। टीएमसी का दावा है कि चंडीतला थाना क्षेत्र में ज्ञापन देने पहुंचे सांसद पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हमला किया गया, जिसमें उन्हें सिर में चोट आई। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, कल्याण बनर्जी टीएमसी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल के साथ चंडीतला थाने में ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध के बीच सांसद के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। टीएमसी का आरोप है कि इसी दौरान उन पर हमला किया गया।
घटना के बाद कल्याण बनर्जी अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
मीडिया से बातचीत में कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि चंडीतला बाजार क्षेत्र में पैदल जाते समय 10-15 भाजपा समर्थकों ने उन्हें घेर लिया, अभद्र टिप्पणी की और माहौल तनावपूर्ण बना दिया। उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान किसी ने उनके सिर पर पत्थर फेंका, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सांसद ने कहा कि मौके पर मौजूद सीआरपीएफ जवान ने उन्हें बचाया।
टीएमसी सांसद ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया। उन्होंने इस घटना को अपनी हत्या की कोशिश बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को भी दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में विरोध का सामना करना पड़ा था। चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी के साथ कथित धक्का-मुक्की हुई थी और उन पर अंडे फेंके गए थे। उस मामले में पुलिस पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
फिलहाल हुगली की घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

