‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके 6 जून को लौटेंगे भारत, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी

नई दिल्ली , जनमुख न्यूज़। सोशल मीडिया पर चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 6 जून को भारत लौटने की घोषणा की है। अमेरिका में रह रहे दीपके ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों और छात्रों की समस्याओं को लेकर अब व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
वीडियो में अभिजीत दीपके ने बताया कि वह 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे और समर्थकों के साथ संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा व्यवस्थाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करना है।दीपके ने अपने संदेश में कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है। उन्होंने युवाओं से संविधान के दायरे में रहकर एकजुट होने और शांतिपूर्ण आंदोलन में भाग लेने की अपील की।
अभिजीत दीपके द्वारा शुरू किया गया ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अभियान हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुआ है। बताया जाता है कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुए इस व्यंग्यात्मक अभियान को बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिला है। इंस्टाग्राम पर इसके 40 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, जबकि लाखों लोग इससे जुड़ने में रुचि जता चुके हैं।
दीपके का आरोप है कि परीक्षा से जुड़े विवादों और व्यवस्थागत कमियों ने छात्रों में असंतोष बढ़ाया है। इसी मुद्दे को लेकर वह भारत आकर आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। हालांकि, प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।अब सभी की निगाहें 6 जून पर टिकी हैं, जब अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचकर अपने समर्थकों के साथ आंदोलन की अगली रणनीति का ऐलान कर सकते हैं।

