भाजपा ने घोषित की नई प्रदेश कार्यकारिणी, अशोक चौरसिया बने काशी क्षेत्र अध्यक्ष

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी और क्षेत्रीय अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा घोषित इस सूची में काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया को भाजपा का नया काशी क्षेत्र अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अशोक चौरसिया लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव और निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप पटेल के कार्यकाल में क्षेत्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पार्टी में उनकी पहचान एक समर्पित और संगठननिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में रही है।वर्तमान में अशोक चौरसिया भाजपा के जौनपुर जिला प्रभारी भी हैं। अशोक चौरसिया की पहचान संकल्प कोचिंग के संचालक के रूप में भी रही है। उन्होंने लंबे समय तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को कोचिंग उपलब्ध कराने का कार्य किया है, जिससे पूर्वांचल के हजारों छात्र लाभान्वित हुए हैं।
वहीं, भाजपा के निवर्तमान काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल को संगठन में पदोन्नति देते हुए प्रदेश कार्यकारिणी में महामंत्री बनाया गया है। दिलीप पटेल पिछले लगभग तीन वर्षों से काशी क्षेत्र अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।इसके अलावा वाराणसी के पूर्व उपमहापौर संजय राय को भी प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई प्रदेश कार्यकारिणी में वाराणसी के शंकर गिरी को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भाजपा की नई संगठनात्मक टीम में पूर्वांचल के कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को मजबूती देने का प्रयास किया गया है।

