भाजपा ने की यूपी संगठन में बड़ी सर्जरी, 70% नए चेहरों को मौका; 19 उपाध्यक्ष और 8 महामंत्री नियुक्त

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें व्यापक फेरबदल करते हुए करीब 70 प्रतिशत नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्री शामिल किए गए हैं।
भाजपा ने इस बार संगठन का आकार भी बढ़ाया है। वर्ष 2023 की तुलना में प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की संख्या 55 से बढ़ाकर 64 कर दी गई है। संगठन में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और महिलाओं को विशेष प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ सामाजिक और जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया गया है।
नई कार्यकारिणी में कई युवा और जमीनी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे युवा नेता अभिजात मिश्रा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त कर संगठन में औपचारिक रूप से बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले यह पद उनके बड़े भाई पंकज सिंह के पास था।
प्रदेश कार्यकारिणी में पूजा पाल और सुरेश राणा को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सरोज कुशवाहा को भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष और रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिनेश प्रताप सिंह को पार्टी का मुख्य प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है।भाजपा नेतृत्व ने इस बार संगठन में बड़े बदलाव करते हुए सभी विधान परिषद सदस्यों को पदाधिकारी पदों से हटाया है। साथ ही पार्टी के सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को भी बदल दिया गया है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने की कोशिश की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा की यह नई टीम आगामी चुनावों को देखते हुए तैयार की गई है। इसमें सामाजिक समीकरण, युवा नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता दी गई है। इसे समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण की रणनीतिक काट के रूप में भी देखा जा रहा है।
नई कार्यकारिणी के जरिए भाजपा ने साफ संकेत दिया है कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ संगठन को नए स्वरूप में तैयार कर रही है।

