मुंबई में बारिश का कहर: चॉल ढहने से 6 की मौत, फडणवीस ने मुआवजे का किया ऐलान; रेड अलर्ट के बीच रेल सेवा भी प्रभावित

मुंबई, जनमुख न्यूज़। महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंडाला क्षेत्र में रविवार रात एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे भारी बारिश के दौरान चॉल की दो से तीन रिहायशी इकाइयां अचानक भरभराकर गिर गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत का मलबा पास की एक झोपड़ी पर भी गिरा, जिससे जान-माल का नुकसान बढ़ गया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ तूफान की चेतावनी दी है। लगातार बारिश के कारण जलभराव, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है।बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने नागरिकों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने, जर्जर इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स से दूर रहने की अपील की है। साथ ही समुद्र तट और जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को 1916 हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा गया है। हालात से निपटने के लिए बीएमसी और अन्य एजेंसियों के करीब 15 हजार अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
भारी बारिश का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर करजत-लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन होने से तीनों रेल लाइनें प्रभावित हो गईं। मध्य रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और रीशेड्यूल किया है, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

