राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’, हनुमान चालीसा का पाठ कर निष्पक्ष जांच की मांग

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित प्रकरण को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में वाराणसी में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली गई। यह पदयात्रा तुलसी मानस मंदिर से शुरू होकर सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से की। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े नारे लगाए तथा मंदिरों की व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
हनुमान मंदिर पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा भगवान श्रीराम और हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर देश, प्रदेश और समाज में सत्य, सद्भाव, सुशासन एवं न्याय की कामना की। साथ ही शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि मिलने की प्रार्थना भी की गई।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले ने श्रद्धालुओं के बीच कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके। उनका कहना था कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि मंदिर किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। ऐसे में मंदिरों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मामले में बड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनहित एवं धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी और पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग जारी रखेगी। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

