छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राहुल गांधी का प्रदर्शन, पीएम और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को लोक कल्याण मार्ग पर पार्टी नेताओं के साथ विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया।प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए।विरोध-प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात कर बातचीत की। वहीं, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद के. सुरेश, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई के लिए सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर न तो जवाबदेही तय करना चाहती है और न ही संसद में चर्चा कराने को तैयार है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग भी की।
इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल पहुंचकर उन छात्रों से मुलाकात की, जो संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में घायल हुए थे। दोनों नेताओं ने घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अस्पताल में भर्ती एक गंभीर रूप से घायल छात्रा की मां से भी मुलाकात की। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक बयान में आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए।

