तीन राज्यों के उपचुनाव नतीजे: बांकीपुर से प्रशांत किशोर की बड़ी जीत, दतिया में कांग्रेस और मांजलपुर में भाजपा का कब्जा

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित हो गए। बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज कर भाजपा के लंबे समय से चले आ रहे गढ़ को भेद दिया। वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस के खाते में गई, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा ने अपनी जीत बरकरार रखी।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने 64,151 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले, जबकि राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी 14,273 वोट पर सिमट गईं।
जीत के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि “भाजपा का 30 वर्षों का गढ़ केवल 30 दिनों में ढह गया। यह सिर्फ विधायक का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की जनता का संदेश है कि राज्य को ईमानदार और सक्षम नेतृत्व चाहिए।” उन्होंने कहा कि उनके विधायक बनने से बांकीपुर रातों-रात नहीं बदलेगा, लेकिन आने वाले महीनों में जनता बदलाव महसूस करेगी।
दतिया में कांग्रेस की जीत
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया। घनश्याम सिंह को 66,757 वोट, जबकि आशुतोष तिवारी को 60,741 वोट मिले। आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें 22,527 वोट प्राप्त हुए।
मांजलपुर में भाजपा ने बरकरार रखा कब्जा
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतेंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराया। सतेंद्रभाई पटेल को 55,481 वोट, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 24,851 वोट मिले। वहीं, 2,247 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।गौरतलब है कि बांकीपुर सीट नितिन नवीन के इस्तीफे, दतिया सीट कांग्रेस विधायक की सदस्यता रद्द होने और मांजलपुर सीट भाजपा विधायक के निधन के कारण रिक्त हुई थी। तीनों सीटों के परिणामों को संबंधित राज्यों की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

