यूपी से चुने जाने वाले पहले राष्ट्रपति थे रामनाथ कोविंद आज 79 वां जन्मदिन मना रहे

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज । आज यानी की ०१ अक्तूबर को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपना ७९वां जन्मदिन मना रहे हैं। रामनाथ कोविंद का जन्म ०१ अक्तूबर १९४५ को उत्तर प्रदेश के कानपुर के परौंख गांव में हुआ था। वह दलितों के कोली समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। वह उत्तर प्रदेश से चुने गए पहले राष्ट्रपति हैं। बता दें कि उन्होंने २५ जुलाई २०१७ को भारत के राष्ट्रपति का कार्यभार संभाला था। तो आइए जानते हैं उनके बर्थडे के मौके पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में देश के राष्ट्रपति बनने से पहले वह बिहार के राज्यपाल भी रह चुके हैं। बता दें कि रामनाथ कोविंद करीब ३० सालों से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। कोविंद ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत से ही पिछड़े वर्ग अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के लिए संघर्ष किया है। इसके अलावा वह भाजपा दलित मोर्चा और अखिल भारतीय कोली समाज के अध्यक्ष रह चुके हैं और वह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं। रामनाथ कोविंद उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा दलित चेहरा माने जाते थे।

