दिल्ली के सत्य निकेतन में चार मंजिला इमारत ढही, छात्रों समेत कई लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। मोती बाग स्थित शिव मंदिर के पास एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय इमारत के अंदर कई छात्रों के मौजूद होने की बात सामने आई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हॉस्टल में रह रहे थे छात्र
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ढही इमारत में हॉस्टल संचालित हो रहा था। हादसे के समय छात्र अपने कमरों में मौजूद थे। अधिकारियों के अनुसार मलबे में फंसे लोगों की सही संख्या का पता रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से निकाले गए घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा जा रहा है। कुछ छात्रों की हालत गंभीर होने की भी जानकारी सामने आई है।
50-60 लोगों के फंसे होने की आशंका
प्रारंभिक रिपोर्टों में इमारत के अंदर 50 से 60 छात्रों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि बाद की जानकारी में मौके पर मौजूद छात्रों की संख्या 15-20 के आसपास बताए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में रेस्क्यू पूरा होने और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी। अब तक कई लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। कुछ छात्रों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव दल मलबे में लगातार जिंदगी तलाश रहे हैं।
NDRF और डॉग स्क्वॉड भी रेस्क्यू में जुटे
रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ की टीम भी शामिल है। मलबे में फंसे लोगों की लोकेशन का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। जेसीबी और फायर ब्रिगेड समेत अन्य आवश्यक संसाधनों के जरिए मलबा हटाने का काम जारी है।
CM रेखा गुप्ता ने जताई चिंता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन और विभिन्न एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर NDRF, DDMA, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस, MCD और सिविल डिफेंस की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।
DUSU अध्यक्ष ने CM और पुलिस कमिश्नर से की बात
डूसू अध्यक्ष आर्यन मान ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की है। उनके अनुसार, अन्य बचाव टीमें भी छात्रों की मदद के लिए मौके पर पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है और जेसीबी, दमकल विभाग समेत आवश्यक टीमें मौके पर मौजूद हैं। आर्यन मान के मुताबिक, मलबे से निकाले जा रहे छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 10 छात्रों को सुरक्षित निकाल लिए जाने की जानकारी है, हालांकि उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में अभी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। हादसे के कारणों और इमारत की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

