सीएम पद की शपथ के बाद बोले नायब सैनी, गरीब कल्याण के लिए करेंगे काम

नई दिल्ली,जनमुख न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नायब सिंह सैनी ने इस साल मार्च में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता मनोहर लाल खट्टर की जगह मुख्यमंत्री का पद संभाला था। शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा किया है।अपने पोस्ट में नायब सिंह सैनी ने लिखा कि नॉनस्टॉप हरियाणा के विकास और नवनिर्माण को गतिमान रखने वाले जनादेश के लिए सर्वप्रथम २.८० करोड़ अपने परिवारजनों का हार्दिक आभार। उन्होंने लिखा कि मेरे जैसे एक सामान्य परिवार से आने वाले कार्यकर्ता को हरियाणा का मुख्य सेवक बनने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी हरियाणा से आपका विशेष स्नेह हमें निरंतर परिश्रम करने के लिए असीमित ऊर्जा प्रदान करता है।सैनी ने लिखा कि आपके प्रेरणादायी नेतृत्व में हरियाणा विकास की नित नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है।विकास की ये नॉनस्टॉप यात्रा प्रदेश में सतत जारी रहेगी। पूर्ण बहुमत की तीसरी बार भाजपा सरकार पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सुशासन, समानता और गरीब कल्याण के लिए काम करेगी। सैनी २०२३ से २०२४ तक संक्षिप्त अवधि के लिए भाजपा के हरियाणा राज्य प्रमुख भी रहे। उन्होंने २०१९ के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता निर्मल सिंह को ३,८४,५९१ वोटों के भारी अंतर से हराकर कुरुक्षेत्र का लोकसभा चुनाव जीता।बाद में उन्होंने सीएम बनने और इस साल जून में उपचुनाव जीतने के बाद करनाल विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार तरलोचन सिंह के खिलाफ ४१,५४० वोटों के अंतर से जीत हासिल की। हाल ही में संपन्न हरियाणा विधानसभा चुनाव २०२४ में, सैनी ने लाडवा निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार मेवा सिंह को १६,०५४ मतों के अंतर से हराया। नायब सिंह सैनी २००९ में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से अपना पहला चुनाव हार गए और ८,०८२ वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

