हेमंत सोरेन ने आंदोलनकारियों को दिया बड़ा तोहफा,सरकार द्वारा दी जाएगी सभी सुविधाएं

रांची,जनमुख न्यूज। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन राज्य की बागडोर संभालने के साथ एक्शन मोड में आ चुके हैं। उन्होंने नई सरकार के मंत्रिपरिषद के गठन के साथ झारखंड आंदोलनकारियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग, रांची द्वारा चिन्हित २९९ आंदोलनकारियों की ३० वीं संपुष्ट सूची को मंजूरी प्रदान कर दी है। इनमें १४४ चिन्हित आंदोलनकारी आश्रित को ३५ सौ रुपए और एक आंदोलनकारी आश्रित को ७ हज़ार रुपए मासिक पेंशन मिलेगा। वहीं, १५४ आंदोलनकारियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इन सभी को २० अप्रैल २०२१ की तिथि से सरकार द्वारा अनुमान्य सभी सुविधाएं दी जाएगी।बता दें कि बीते गुरुवार को झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के कैबिनेट विस्तार में कुल ११ मंत्रियों ने शपथ ली है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन में सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई है। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। कांग्रेस को ४ मंत्री पद मिले हैं। कांग्रेस से विधायक इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और राधाकृष्ण किशोर हेमंत कैबिनेट में मंत्री बने हैं। जबकि झामुमो से दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन, रामदास सोरेन, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार सोनू और चमरा लिंडा मंत्री बने हैं। रामदास सोरेन की बात करें तो उन्हें चंपई सोरेन की जगह पर मंत्री बनाया गया है। वहीं, आरजेडी से संजय प्रसाद यादव ने शपथ ली। जो गोड्डा से तीसरी बार विधायक बने हैं।

