दिल्ली में फिर आग का हादसा: न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के घर में एसी में लगी आग, 8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। राजधानी दिल्ली में रविवार को एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक मकान के अपर ग्राउंड फ्लोर पर एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और दमकल विभाग की तत्परता से आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:40 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। फायर स्टेशन ऑफिसर फूल सिंह मीणा ने बताया कि आग लगने के कारण पूरे फ्लोर में धुआं भर गया था और कुछ लोग अंदर फंस गए थे।
दमकलकर्मियों ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए चार बच्चों और चार वयस्कों समेत कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में खराबी और शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक बच्चे की मौत की खबरें तेजी से वायरल हुईं, लेकिन दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग ने इन दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच प्रशासन ने लोगों से विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और नियमित जांच कराने की अपील की है।

