सूरत में जहरीली गैस का कहर: ज्वेलरी फैक्ट्री के टैंक में उतरे चार मजदूरों की मौत, जांच शुरू

सूरत, जनमुख न्यूज़। गुजरात के सूरत शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। अश्विनी कुमार क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी निर्माण इकाई में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक सुपरवाइजर समेत चार लोग बेहोश हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, जिस टैंक की सफाई की जा रही थी उसमें आभूषणों की सफाई प्रक्रिया से निकलने वाले रासायनिक अवशेष और कचरा जमा होता है। इस टैंक की नियमित सफाई हर दो महीने में कराई जाती है। रविवार सुबह सफाई के लिए एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर टैंक के भीतर उतरे थे, जहां मौजूद जहरीली गैस के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।जोन-1 के पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मजदूरों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। यह भी जानकारी मिली है कि सुपरवाइजर ने टैंक में उतरने से पहले फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया।पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी, हालांकि प्राथमिक तौर पर दम घुटने और जहरीली गैस के प्रभाव को हादसे की वजह माना जा रहा है।प्रशासन ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किस स्तर पर हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

