सीएम योगी ने की विकास और कानून व्यवस्था की समीक्षा, श्रावण में काशीवासियों के लिए अलग दर्शन मार्ग होगा तैयार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था तथा आगामी श्रावण मास की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों के लिए अलग दर्शन मार्ग की व्यवस्था की जाए। इस पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे काशीवासियों की लंबे समय से लंबित मांग बताया।
दालमंडी चौड़ीकरण और जल जीवन मिशन पर विशेष जोर
सीएम योगी ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के शेष भवनों का नियमानुसार मुआवजा देकर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने को कहा और स्पष्ट किया कि परियोजना के लिए धन की कोई कमी नहीं है।उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि जनता को असुविधा न हो।
रोप-वे और अन्य परियोजनाएं समय पर पूरी हों
मुख्यमंत्री ने वाराणसी में बन रहे रोप-वे, यूनिटी मॉल, आनंद काशी, रुद्र काशी और काशी स्पोर्ट्स सिटी जैसी प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि रोप-वे परियोजना अगस्त तक पूरी होने की संभावना है।श्रावण मास की तैयारियां हों चाक-चौबंदमुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन और रेलवे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। श्रद्धालुओं को साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खोया-पाया केंद्र, निःशुल्क लॉकर, आपदा प्रबंधन और बेहतर सुरक्षा जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल पुलिस को सतर्क रहने, लाइफ जैकेट के उपयोग, सीसीटीवी निगरानी और बैरिकेडिंग को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए।
ट्रैफिक, होटल और वीआईपी दर्शन पर भी सख्ती
सीएम योगी ने श्रावण के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत रखने, होटल और रेस्तरां में मनमाना शुल्क वसूली रोकने तथा वीआईपी दर्शन के नाम पर किसी प्रकार की अनियमितता नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर व्यवस्था में लगे कर्मियों की ड्यूटी समय-समय पर बदलने को भी कहा।कानून-व्यवस्था और पुलिस को निर्देशमुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, प्रत्येक छह माह में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी बदलने तथा आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रम मंत्री अनिल राजभर, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायकगण, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

