वाराणसी पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर सरकार को घेरा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि मंदिर निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया जाता है, तो चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी भी सरकार को लेनी चाहिए।
आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर गौतम ने कहा कि कांग्रेस सम्मानजनक सीटों के आधार पर ही किसी भी राजनीतिक समझौते पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने सिद्धांतों और विचारधारा के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी तथा कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।वाराणसी पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियों से आम जनता निराश है और कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए उनके विश्वास को फिर से हासिल करने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और धर्मनिरपेक्षता की पक्षधर रही है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब सरकार को देना चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच उठाएगी और जवाबदेही की मांग करती रहेगी।
प्रदेश प्रभारी ने अपने दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों में भी भाग लिया और आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और जनसरोकारों के मुद्दों के साथ कांग्रेस आगामी चुनावों में पूरी ताकत से उतरेगी।

