वाराणसी में STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी बदमाश, बनारस रेलवे स्टेशन से गिरफ्तारी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की अयोध्या फील्ड यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बलिया जिले के 50 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे बदमाश मनोज यादव को वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दूसरे राज्य भागने की फिराक में था, लेकिन एसटीएफ ने समय रहते उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसटीएफ के अनुसार, बलिया के रामपुर उदयभान गांव निवासी मनोज यादव पर कोतवाली थाने में दर्ज एक मामले में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2021 में उसके करीबी मित्र आदित्य पांडेय के साथ हुई मारपीट का बदला लेने के लिए उसने 10 से 12 युवकों का गिरोह बनाया था। इसके बाद क्षेत्र में दबदबा कायम करने के उद्देश्य से गैंग के साथ मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह तमिलनाडु चला गया था और पुलिस से बचने के लिए चोरी-छिपे बलिया आता-जाता रहता था। इस बार भी वह बनारस रेलवे स्टेशन से दूसरे प्रदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन एसटीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मनोज यादव के खिलाफ बलिया के कोतवाली और सुखपुरा थानों में बीएनएस, आईपीसी और एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब स्थानीय पुलिस उससे पूछताछ कर उसके गैंग, फरार साथियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

