वाराणसी: मोबाइल स्टेटस के बाद लापता युवक का गंगा में मिला शव, परिवार में कोहराम

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लंका थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक का शव बुधवार को नगवा स्थित संत रविदास घाट के सामने गंगा में मिला। मृतक की पहचान चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी स्थित महामनापुरी कॉलोनी निवासी निखिल कुमार राय उर्फ निशु के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि निखिल सोमवार को मोबाइल पर एक भावुक स्टेटस लगाकर घर से निकल गया था, जिसके बाद से वह लापता था। परिजनों ने जब स्टेटस देखा तो उनकी चिंता बढ़ गई और काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। देर रात पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।बुधवार को गंगा में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिवार के अनुसार, निखिल ने अपने स्टेटस में बीमारी और मानसिक परेशानी का जिक्र करते हुए आत्महत्या का संकेत दिया था। हालांकि परिजन इस घटना को लेकर संदेह जता रहे हैं और किसी साजिश की आशंका भी व्यक्त कर रहे हैं।निखिल के पिता का पांच साल पहले निधन हो चुका था, जिसके बाद वह परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए करौंदी स्थित अपनी दुकान चला रहा था। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बेसुध हो गईं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

