वाराणसी में तेज आंधी-तूफान का कहर: पेड़-खंभे गिरे, दीवार ढही, कई घायल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। समेत पूर्वांचल में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण टिन शेड, पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने की कई घटनाएं सामने आईं, जिससे कई लोग घायल हो गए।
लहुराबीर से कैंट स्टेशन जाने वाले मार्ग पर लगा बड़ा संकेतक गिर गया, जिसके नीचे दो दोपहिया वाहन दब गए। वहीं हुकुलगंज इलाके में निर्माणाधीन दीवार गिरने से चार मजदूर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
कैंट स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में एक ऑटो रिक्शा पर हाईमास्ट गिर गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद हटाया गया। तेज आंधी और बारिश के चलते कई जगह रास्ते अवरुद्ध हो गए, जिससे आवागमन बाधित रहा। ग्रामीण इलाकों में छप्पर उड़ने और फसलों को नुकसान की भी खबर है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं नुकसान भी पहुंचाया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। गुरुवार सुबह ठंडी हवाएं चलने और बादलों की आवाजाही की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह बादलों की सक्रियता और बीच-बीच में बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन में धूप निकलने पर उमस और गर्मी का असर भी महसूस हो सकता है।

