दिल्ली अग्निकांड: मालवीय नगर के होटल में भीषण आग, 21 की मौत; कई विदेशी नागरिक भी शिकार

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके में बुधवार सुबह एक होटल-कम-गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 37 अन्य घायल हो गए। मृतकों में 17 विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने तक की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8:50 बजे लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और उससे जुड़े गेस्ट हाउस परिसर में लगी। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश विदेशी नागरिक लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोजाम्बिक और बांग्लादेश के निवासी थे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग तेजी से ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई, जिससे दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर मौजूद लोग फंस गए। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मुख्य इलेक्ट्रॉनिक गेट भी जाम हो गया, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया।स्थानीय निवासी मंसूर ने बताया कि मदद के लिए आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने ईंट-पत्थर मारकर खिड़कियों के शीशे तोड़े और आसपास के होटलों से गद्दे लाकर नीचे बिछाए, ताकि फंसे लोग सुरक्षित कूद सकें। कुछ लोगों को रस्सियों की मदद से बाहर निकालने का भी प्रयास किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगाई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। एक महिला को चौथी मंजिल से रस्सी के सहारे उतारने की कोशिश की गई, हालांकि वह फिसल गई लेकिन नीचे बिछाए गए गद्दों पर गिरने से उसकी जान बच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की शुरुआत बेसमेंट से होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और घायलों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था की है।
इस दर्दनाक हादसे ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

