वाराणसी में हाईवे पर बड़ा हादसा: ट्रक से टकराई रोडवेज बस, दो दर्जन यात्री घायल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर के पास रविवार दोपहर हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भूसी लदे ट्रक और रोडवेज की अनुबंधित बस के बीच हुई जोरदार टक्कर में करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी।
जानकारी के अनुसार मीरजापुर डिपो की अनुबंधित बस यूपी 63 बीटी 3777 कैंट से यात्रियों को लेकर मीरजापुर जा रही थी। रूपापुर स्थित शिवम पब्लिक स्कूल के सामने हाईवे पर चल रहे भूसी लदे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर वाहन को सड़क किनारे करने की कोशिश की। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ट्रक के बगल वाले हिस्से से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायलों में चौबेपुर निवासी राजेश सिंह, गोरखपुर के अभिषेक, सुरेंद्र मिश्रा, सविता, गाजीपुर के सैदपुर निवासी आदित्य मौर्य, चोलापुर की आरती देवी, आजमगढ़ के जीयनपुर निवासी आकाश वर्मा, विकास, वीरेंद्र, सुमित, शिवपुर निवासी कमलेश सिंह, बबिता सिंह, कैंट निवासी मोहम्मद इमरान, मोहम्मद शकील, चंदौली के पड़ाव निवासी अभिमन्यु पटेल, संदीप कुमार, मुगलसराय निवासी अजीत यादव और सुमन देवी समेत अन्य यात्री शामिल हैं।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

