केरल पहुंचा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश; जल्द मिलेगी गर्मी से राहत

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, जनमुख न्यूज़। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर केरल में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, केरल के कई हिस्सों में मंगलवार रात से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके साथ देश में मानसून सीजन की औपचारिक शुरुआत हो गई है। मानसून के आगमन के बाद अब दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
आईएमडी ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में मानसून कर्नाटक तट से आगे बढ़ते हुए गोवा तक पहुंच सकता है। विभाग के अनुसार, मानसून की प्रगति के लिए आवश्यक सभी मौसमीय परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 10 जून के बाद इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है।
मानसून के आगमन से पहले मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की। अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, इडुक्की और त्रिशूर जिलों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने पहले ही गुरुवार के लिए राज्य के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है कि संबंधित क्षेत्रों में 11 से 20 सेंटीमीटर तक अत्यधिक वर्षा हो सकती है, जिससे जलभराव और अन्य स्थानीय समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
आईएमडी का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों, विशेषकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

