20 मई को वाराणसी की 3000 से ज्यादा दवा दुकानें रहेंगी बंद, देशव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे केमिस्ट

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। देशभर में प्रस्तावित 20 मई की दवा विक्रेताओं की हड़ताल को लेकर वाराणसी में भी व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है। आल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर शहर के थोक और खुदरा दवा विक्रेता इस आंदोलन में भाग लेंगे। दवा व्यापारियों के अनुसार, वाराणसी की 3000 से अधिक मेडिकल स्टोर उस दिन बंद रहेंगे।
हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी दवा दुकानों को इस बंदी से अलग रखा जाएगा।वाराणसी दवा विक्रेता समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि दवा वितरण व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा भी है। समिति के मंत्री संजय सिंह ने कहा कि बिना डॉक्टर की पर्ची के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे पैदा हो रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने आरोप लगाया कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म पुराने प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर बार-बार दवाओं की आपूर्ति कर रहे हैं। इससे एंटीबायोटिक दवाओं का दुरुपयोग, नकली दवाओं का खतरा और मरीजों के निजी डेटा के दुरुपयोग जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट देकर दवाएं बेचने से छोटे और मध्यम स्तर के केमिस्टों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।हड़ताल को सफल बनाने के लिए जिले में जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है। दवा व्यापारी पोस्टर, बैनर और पर्चों के माध्यम से लोगों को आंदोलन के उद्देश्य और दवा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी दे रहे हैं।

