वाराणसी पुलिस कमिश्नर का बड़ा एक्शन: SOG-2 भंग, कई थाना प्रभारियों के तबादले

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शनिवार देर रात आयोजित क्राइम मीटिंग के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की। निष्क्रियता और खराब कार्यप्रणाली के आरोपों के बीच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG)-2 को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया। यूनिट में तैनात दरोगाओं समेत सभी पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
इसके अलावा मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय को भी लाइन हाजिर कर दिया गया। उन पर एक युवती से जुड़े कथित लव जिहाद प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे। पुलिस कमिश्नर ने खराब प्रदर्शन को आधार बनाते हुए कई थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों के तबादले भी किए। नई तैनाती के तहत कैंट थाना प्रभारी रहे निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा को सिगरा थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं सिगरा के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा को रामनगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रामनगर के प्रभारी राजकिशोर पांडेय को कैंट थाने की कमान दी गई है।इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर के पीआरओ उपनिरीक्षक विकास सिंह को रोडवेज चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है। साइबर क्राइम थाने में तैनात गोपाल जी कुशवाहा को मिर्जामुराद थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट संदेश दिया कि वही अधिकारी और थाना प्रभारी अपने पद पर बने रहेंगे, जो जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, विवेचना और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की समीक्षा की गई। पुलिस कमिश्नर ने रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण, सोशल मीडिया पॉलिसी के पालन, सीसीटीएनएस, ई-समन पोर्टल, यक्ष ऐप और डिजिटल व्यवस्थाओं के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया।
गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, डीसीपी गोमती नीतू समेत सभी जोन के एडीसीपी, ट्रैफिक अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

