वाराणसी में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी, 9 मई को होगा आयोजन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने वाहनों को रवाना करते हुए कहा कि इन प्रचार वाहनों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण हो सके।
इस दौरान जिला जज संजीव शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने का प्रभावी माध्यम है। प्रचार अभियान के जरिए लोगों को इसके लाभों और प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी, जिससे लंबित वादों के समाधान में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव मुकुल पांडेय ने राष्ट्रीय लोक अदालत की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसमें विभिन्न प्रकार के मुकदमों और विवादों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
इस मौके पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, अपर जनपद न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजीत कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक अविनाश अग्रवाल सहित न्यायिक और प्रशासनिक विभागों के कई अधिकारी, कर्मचारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

