मनीष सिंह हत्याकांड पर प्रदर्शन से पहले पुलिस का एक्शन, 16 लोग हिरासत में

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। पिंडरा क्षेत्र के फूलपुर थाना अंतर्गत घमहापुर में हुए मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर बुधवार को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। बाबतपुर चौराहे पर करणी सेना और अन्य संगठनों द्वारा प्रदर्शन की तैयारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कुल 16 लोगों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, करणी सेना से जुड़े राकेश सिंह समेत 12 लोगों को जंसा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया, जबकि केसरिया भारत संगठन के गौरीश सिंह सहित चार लोगों को बाबतपुर चौराहे से पकड़कर कैंट थाने भेजा गया। बताया जा रहा है कि विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटकर हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन करने वाले थे।
प्रशासन को आशंका थी कि बाबतपुर चौराहे पर भारी भीड़ जुटने से यातायात बाधित हो सकता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी को देखते हुए इलाके में पहले से ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की भारी तैनाती के साथ प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास भी किया गया।
हालांकि, हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए प्रमुख लोगों को हिरासत में ले लिया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बाबतपुर से लेकर घमहापुर तक करीब एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। मौके पर पुलिस कमिश्नर, तीनों जोन के डीसीपी, एसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

