बलिया में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑर्केस्ट्रा कलाकारों से भरी गाड़ी पलटी, ट्रक ने रौंदा; 4 की मौत

बलिया, जनमुख न्यूज़। जिले में बुधवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। मांझी-छपरा मुख्य मार्ग पर इनई गांव के पास ऑर्केस्ट्रा कलाकारों से भरी एक मैजिक वाहन के पलटने के बाद तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर गिरे लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में चार कलाकारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के रहने वाले 13 कलाकार छपरा के ब्रम्हपुर इलाके में आयोजित एक शादी समारोह में प्रस्तुति देने के बाद वापस लौट रहे थे। सभी कलाकार बलिया के नरही स्थित लक्ष्मणपुर चट्टी जा रहे थे। इसी दौरान इनई गांव के पास मैजिक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के कुछ ही पल बाद सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सड़क पर गिरे कलाकारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों में तीन महिला डांसर भी शामिल हैं। उनकी पहचान राहुल, अवधेश, प्रीति और सोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी कलाकार मुस्कान ऑर्केस्ट्रा से जुड़े थे और कार्यक्रमों में प्रस्तुति देकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। घायलों को गंभीर हालत में छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रक और क्षतिग्रस्त मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में घेराबंदी की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद कलाकारों के गांवों और उनके सहयोगियों में शोक का माहौल है।

