मोबाइल चैट को लेकर हत्या का सनसनीखेज खुलासा, महिला के शव के किए तीन टुकड़े; मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर/वाराणसी, जनमुख न्यूज़। मड़ियाहूं क्षेत्र में महिला के शव के टुकड़े मिलने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मोबाइल फोन की चैट दिखाने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने महिला की गला रेतकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के कई हिस्से कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) मूल रूप से गुजरात के भावनगर का रहने वाला है और मड़ियाहूं की टीचर्स कॉलोनी में किराये पर रहकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत का काम करता था। रविवार देर रात पुलिस ने उसे रामनगर क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि घिरने पर आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से पिस्टल, कारतूस, चाकू, गड़ासा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और मृतका का शेष कटा हुआ अंग बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र की रहने वाली रेशमा खां उर्फ सना (38) चार जुलाई को आरोपी के बुलावे पर मड़ियाहूं पहुंची थी। दोनों के बीच मोबाइल फोन की चैट देखने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने सोते समय धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए गड़ासे से उसके हाथ-पैर अलग कर दिए और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक, शव का धड़ रानीपुर बाईपास के पास फेंका गया, जबकि हाथ-पैर करीब दो किलोमीटर दूर दूसरी जगह डाल दिए गए। रविवार सुबह काली पॉलिथीन में शव का हिस्सा मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान बाकी अंग भी बरामद कर लिए।मृतका के पति रहीम खान ने बताया कि रेशमा की मुलाकात करीब छह महीने पहले एक परिचित के माध्यम से आरोपी से हुई थी। आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था और कुछ रकम भी दी थी। चार जुलाई को वह नौकरी के सिलसिले में मड़ियाहूं गई थी, लेकिन रात में आखिरी बार बातचीत के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। बाद में सोशल मीडिया से शव मिलने की जानकारी मिली। परिजनों ने आशंका जताई है कि इस वारदात में अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि हत्या के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता थी या नहीं। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


