काशी के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार का शिलान्यास, शंकराचार्य ने किया विधिवत पूजन


वाराणसी, जनमुख न्यूज़। अस्सी स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य स्वामी शंकरविजयेंद्र सरस्वती ने भव्य शिला पूजन और शिलान्यास कर इस कार्य का श्रीगणेश किया।कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिला पूजन और शिलान्यास की प्रक्रिया दोपहर तक संपन्न हुई।इस अवसर पर काशी के संत-महात्माओं, प्रबुद्ध नागरिकों और श्रद्धालुओं की बड़ी उपस्थिति रही। सभी ने शंकराचार्य का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में काशी विद्वत परिषद के पदाधिकारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।विशेष रूप से समाज के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 108 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को भी शंकराचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।
शिलान्यास के बाद अपने संबोधन में शंकराचार्य ने धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में श्री जगन्नाथ ट्रस्ट के पदाधिकारी और कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

