यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अचानक बिगड़ी तबीयत, मेदांता में भर्ती; अब हालत स्थिर

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। राजधानी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अजय राय पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल थे, तभी उन्हें अचानक बेचैनी और सीने में दर्द महसूस हुआ। वे वहां से निकलकर घर जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने शुरुआत में ब्रेन स्ट्रोक या हार्ट अटैक की आशंका के मद्देनज़र जांच की। हालांकि प्रारंभिक जांच में ऐसी कोई गंभीर स्थिति सामने नहीं आई। मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार, अजय राय को सीने में दर्द, घबराहट और बेहोशी की शिकायत के बाद इमरजेंसी में भर्ती किया गया था।ब्लड जांच, ट्रोपोनिन टेस्ट और सीटी स्कैन सहित अन्य जरूरी परीक्षण किए गए, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई है।
डॉक्टरों ने बताया कि शरीर में सोडियम लेवल कम होने की वजह से उन्हें कमजोरी और बेहोशी महसूस हुई।अजय राय को फिलहाल क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। राहत की बात यह है कि अब वे होश में हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इसी दौरान अजय राय की तबीयत बिगड़ गई।

