प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद किशोर ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक किशोर द्वारा खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे किशोर का कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजापुर निवासी अमन राजभर (17) का जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। शुक्रवार को अमन किसी कार्य से हरसोस गांव गया था और अपने पट्टीदार के रिश्तेदार के घर पहुंचा। इसी दौरान उसकी युवती से मुलाकात हुई।बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी बढ़ने पर अमन ने आवेश में आकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटों ने उसे घेर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल आग बुझाकर गंभीर रूप से झुलसे अमन को वाराणसी के कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक, उसके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोर के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

