चंदौली में 24 घंटे में तीन हत्याएं करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

चंदौली, जनमुख न्यूज़। जनपद में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार आरोपी सीन रीक्रिएशन के दौरान दरियापुर और कुचमन रेलवे स्टेशन के पास पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। मुठभेड़ में एक एसआई और एक जीआरपी सिपाही भी घायल हुए हैं।
वैभव कृष्ण के मुताबिक आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसने पहली वारदात रविवार सुबह करीब 6:45 बजे ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में की, जहां गाजीपुर निवासी 34 वर्षीय मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इसके बाद आरोपी 10 मई की रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में सवार हुआ और बिहार के गया निवासी दिनेश साहू पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद वह इधर-उधर घूमता रहा और सोमवार सुबह मुगलसराय स्थित जीवक अस्पताल पहुंचा। वहां उसने इलाज के बहाने पर्ची बनवाई और वार्ड में भर्ती महिला लक्ष्मीना देवी को सिर में गोली मार दी।
वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी रिवॉल्वर, डबल बैरल बंदूक और कारतूस बरामद किए थे। पूछताछ में आरोपी ने तीनों हत्याओं की बात स्वीकार की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि गुरप्रीत सिंह ने वर्ष 2021 में सेना की नौकरी छोड़ दी थी। बाद में वह नौकरी की तलाश में बिहार गया, लेकिन शराब की लत के कारण सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद वह प्रयागराज होते हुए चंदौली पहुंचा था।
आकाश पटेल ने बताया कि ट्रेन में हुई घटनाओं के सीन रीक्रिएशन के लिए आरोपी को पीडीडीयू जंक्शन और सकलडीहा क्षेत्र में ले जाया गया था। रात करीब 11 बजे कुचमन रेलवे स्टेशन के पास आरोपी ने जफरपुर चौकी इंचार्ज सतीश सिंह की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आरोपी के सीने और पेट में गोली लगी।
मुठभेड़ में घायल एसआई सतीश सिंह और जीआरपी सिपाही मनोज यादव का इलाज चल रहा है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच साइको किलिंग एंगल से भी कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने कहीं और भी किसी वारदात को अंजाम तो नहीं दिया था।

