वाराणसी में सफाई कर्मियों का हंगामा: वेतन न मिलने पर 500 कर्मचारियों की हड़ताल, आश्वासन के बाद काम पर लौटे

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शहर में अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी कंपनी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने गुरुवार को वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल कर दी, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई। करीब 500 कर्मचारी आदमपुर जोन के धनेसरा डंपिंग यार्ड पर धरने पर बैठ गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले महीने का वेतन अब तक नहीं मिला है। अप्रैल की 23 तारीख होने के बावजूद सैलरी खाते में न आने से नाराज कर्मचारी काम छोड़कर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान कई डंपर और कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां यार्ड में ही खड़ी रहीं, जिससे कूड़ा निस्तारण प्रभावित हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एसीपी चेतगंज और तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे तत्काल वेतन की मांग पर अड़े रहे।
बाद में अपर नगर आयुक्त सविता यादव मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने पहले दो दिन में वेतन देने का आश्वासन दिया, लेकिन कर्मचारियों के विरोध के बाद शाम तक भुगतान कराने का भरोसा दिया गया। इसके बाद कर्मचारी काम पर लौटने के लिए तैयार हुए और हड़ताल समाप्त हो गई।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। वहीं कंपनी प्रबंधन इस मुद्दे पर खुलकर कुछ भी कहने से बचता नजर आया।
फिलहाल, प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए जल्द ही वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने की बात कही है।

