मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: चार वाहनों की टक्कर के बाद बोलेरो में लगी आग, 11 की दर्दनाक मौत

मिर्जापुर/ड्रमंडगंज, जनमुख न्यूज़। रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात करीब 8 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक, कार, बोलेरो और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिससे उसमें सवार लोग जिंदा जल गए। इस दर्दनाक हादसे में कुल 11 लोगों की मौत की खबर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब गिट्टी से लदा ट्रेलर घाटी से नीचे उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार, फिर दाल से लदा ट्रक और सबसे पीछे बोलेरो चल रही थी। इसी दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने आगे चल रही स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्विफ्ट कार ट्रेलर से जा भिड़ी, जबकि पीछे से आ रही बोलेरो ट्रक में टकरा गई।
टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। आग इतनी भीषण थी कि बोलेरो सवार लोग बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए।हादसे में बोलेरो सवार दो महिलाएं, दो बच्चे और पांच पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्विफ्ट कार चालक और ट्रक चालक की भी जान चली गई। स्विफ्ट कार चालक की पहचान जय प्रकाश (26) निवासी परसिया दुबे, राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज, हलिया समेत आसपास के थानों की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीओ लालगंज अमर बहादुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

