सीमेंट प्लांट में बिल्डिंग की छत गिरने से कई मजदूर दबे, ५ की मौत

पन्ना (मध्य प्रदेश), जनमुख न्यूज। पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना स्थित जेके सीमेंट प्लांट में आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां निर्माणाधीन छत का सैकेंड यूनिट (भाड़ा) की छत गिर गई। मलबे में कई मजदूरों के दबने से पांच मजदूरों की मौत हो गई, वहीं ५० से ज्यादा मजदूरों के घायल होने की आशंका है।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि यहां से लगभग ५० किलोमीटर दूर सिमरिया थाना क्षेत्र में कई एकड़ क्षेत्र में फैली जे के सीमेंट फैक्ट्री के परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह दस बजे के आसपास एक बड़ी इमारत के निर्माण कार्य के दौरान सेंटरिंग, स्लैब और अन्य निर्माण सामग्री अचानक गिर गयी। इस वजह से अनेक मजदूर दब गए। तत्काल ही राहत एवं बचाव कार्य फैक्ट्री परिसर में मौजूद लोगों ने शुरू किया। सूत्रों ने कहा कि मृत और घायल श्रमिकों के नामों का खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। इस संबंध में पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई अधिकृत बयान नहीं आया है। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो पन्ना सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से भोपाल से दूरभाष पर चर्चा की और घटना के संबंध में पूर्ण जानकारी हासिल की। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं।

