महाकुंभ में राष्ट्रपति ने भी लगाई आस्था की डुबकी

प्रयागराज, जनमुख न्यूज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज सुबह संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। राष्ट्रपति ने त्रिवेणी संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। और संगम की पूजा-अर्चना भी की। राष्ट्रपति के साथ यूपी के सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं।
इससे पहले, भारत की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीर्थराज कुंभ नगरी प्रयाग में आगमन पर सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका स्वागत किया वहीं प्रयागराज के प्रथम नागरिक महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने प्रयागराज महानगर की चाबी भेंट कर उनका स्वागत किया।

महाकुंभ में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की की भीड़ देखी जा रही है। संगम की ओर जाने के लिए लंबी लाइन लगी हैं। तो वहीं सुबह ३ बजे से स्नान जारी है। लेटे हनुमान जी के दर्शन के लिए भी लोगों की लंबी-लंबी कतार लगी हुई है।
महाकुंभ में बीती ९ फरवरी २०२५ को रात आठ बजे तक कल्पवास में १० लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं १.४७ करोड़ यात्री पहुंचे थे। बीते रविवार को रात आठ बजे तक १.५७ करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। ९ फरवरी तक संगम में ४३.५७ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।

