UPSC CSE 2024 Final Result जारी: प्रयागराज की शक्ति दुबे बनीं ऑल इंडिया टॉपर

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने इंटरव्यू राउंड में भाग लिया था, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइटों upsc.gov.in और upsconline.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
इस वर्ष कुल 1009 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए चुना गया है। प्रयागराज की शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करते हुए टॉप किया है। दूसरे स्थान पर हरियाणा की हर्षिता गोयल और तीसरे स्थान पर डोंगरे अर्चित पराग रहे हैं ।

आयोग ने बताया कि 241 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अनंतिम रूप से घोषित की गई है, जबकि एक उम्मीदवार का परिणाम रोका गया है। सिविल सेवा परीक्षा 2024 कुल 1129 रिक्त पदों के लिए आयोजित की गई थी। रिक्तियों का वर्गीकरण इस प्रकार है:
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS): 180 पद
भारतीय विदेश सेवा (IFS): 55 पद
भारतीय पुलिस सेवा (IPS): 147 पद
केंद्रीय सेवाएं ग्रुप ‘क’: 605 पद
केंद्रीय सेवाएं ग्रुप ‘ख’: 142 पद
चयनित उम्मीदवारों में 335 सामान्य वर्ग से, 109 ईडब्ल्यूएस, 318 ओबीसी, 160 एससी और 87 एसटी वर्ग से हैं।
इस वर्ष का परिणाम सितंबर में हुई मुख्य परीक्षा और जनवरी से अप्रैल 2025 के बीच आयोजित व्यक्तित्व परीक्षण के आधार पर तैयार किया गया है। चयनित उम्मीदवारों के अंक आयोग लगभग 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक करेगा।
UPSC CSE 2024 टॉप 10 टॉपर्स की सूची:
1. शक्ति दुबे
2. हर्षिता गोयल
3. अर्चित पराग डोंगरे
4. शाह मारगी चिराग
5. आकाश गर्ग
6. कोमल पुनिया
7. आयुषी बंसल
8. राज कृष्ण झा
9. आदित्य विक्रम अग्रवाल
10. मयंक त्रिपाठी
पिछले वर्ष 2023 में 1016 उम्मीदवारों का चयन हुआ था, जबकि इस बार यह संख्या 1009 रही है।

