देश में फिर बढ़ने लगे कोरोना केस: ठाणे और बंगलूरू में दो की मौत, सरकार अलर्ट मोड में

नई दिल्ली जनमुख न्यूज़।
देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। शनिवार को महाराष्ट्र के ठाणे और कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई। ठाणे में 21 वर्षीय युवक और बंगलूरू में 84 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा। मृतक युवक को गंभीर मधुमेह की समस्या थी और वह ठाणे के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती था, जहां शुक्रवार को उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में नए कोविड केस सामने आ रहे हैं। बड़ी संख्या में बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने समीक्षा बैठक की। इसमें स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर), भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), डीजीएचएस और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के अधिकारी भी शामिल हुए।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि अभी सामने आ रहे अधिकांश केस हल्के हैं और मरीज घर पर ही ठीक हो रहे हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि फिलहाल सामने आया वेरिएंट ज्यादा संक्रामक नहीं है, लेकिन स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
दिल्ली में अब तक 23 कोविड केस सामने आ चुके हैं। ओमिक्रॉन JN.1 वेरिएंट को मौजूदा मामलों के पीछे मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे फिलहाल चिंताजनक वेरिएंट नहीं घोषित किया है। डॉक्टरों के अनुसार, इसके लक्षण हल्के हैं और संक्रमित व्यक्ति आमतौर पर 4 दिनों में ठीक हो रहा है। सामान्य लक्षणों में बुखार, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द और थकान शामिल हैं।
सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को कहा गया है कि वे बेड, ऑक्सीजन और जरूरी संसाधनों का इंतजाम पहले से सुनिश्चित करें।

